गुना | घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध संग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बमौरी और चाचौड़ा क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के आदेश और जिला आपूर्ति अधिकारी के निर्देशन में यह कार्यवाही की गई, जिसमें कुल 78 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। बमौरी विकासखंड में सौम्या एचपीसी गैस एजेंसी, माना (पाडोन) की जांच के दौरान 74 गैस सिलेंडर खेत में रखे मिले, जिनमें 68 खाली और 6 भरे हुए थे। गैस एजेंसी के कागजात भी उपलब्ध नहीं थे, जिससे यह साबित हुआ कि इन सिलेंडरों को अवैध तरीके से संग्रहित किया गया था। खेत के पास पराली जलने के कारण इन सिलेंडरों में आग लगने और विस्फोट का खतरा था, जिसके कारण यह सिलेंडर जब्त किए गए।
वहीं चाचौड़ा विकासखंड के होटल दीपक चौहान और यादव पूर्वांचल ढाबा में भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इन दोनों होटलों से कुल 4 सिलेंडर जब्त किए गए। सौम्या एचपीसी गैस एजेंसी और होटलों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग करने और असुरक्षित तरीके से संग्रहण के कारण द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं विनियमन आदेश 2005 के तहत उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई खाद्य विभाग के अधिकारियों इंदु शर्मा और शिवराम सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में की गई। घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।-