स्वर्गीय प्रभात झा की प्रथम पुण्यतिथि पर ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम को वरिष्ठ नेताओं ने किया संबोधित

-प्रभात जी ने अपना पूरा जीवन विचारधारा के लिए समर्पित किया -नरेन्द्र सिंह तोमर
-स्वर्गीय प्रभात झा जी ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारा -यशवंत इंदापुरकर
-पार्टी के उत्थान में उनका योगदान अविस्मरणीय -हितानंद
-स्वर्गीय प्रभात जी प्रतिशोध की राजनीति से दूर रहे -जयभान सिंह पवैया
भोपाल । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी स्वर्गीय प्रभात झा की प्रथम पुण्यतिथि पर ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम को वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने स्वर्गीय प्रभात झा के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर पुस्तक का विमोचन किया। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात जी ने प्रतिबद्व कार्यकर्ता रूप में अपनी भूमिका निभाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात झा ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारा था। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि पार्टी के उत्थान में स्वर्गीय प्रभात झा का योगदान अविस्मरणीय है। वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात जी हमेशा प्रतिशोध की राजनीति से दूर रहे। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रभात झा ने हमें संवाद और सम्पर्क कराना सिखाया। कार्यक्रम को दिल्ली प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविन्द सिंह, पार्टी के प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर आदि ने भी सम्बोधित कर अपने-अपने स्मरण सुनाये। कार्यक्रम का आभार उनके पुत्र तुष्मुल झा ने व्यक्त किया।
अपना पूरा जीवन विचारधारा के लिए समर्पित कर दिया-नरेन्द्र सिंह तोमर
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रभात जी अपनी बुद्धिमत्ता से विषय का प्रतिपादन ऐसा करते थे कि उस विचार को दिशा मिलती थी। इसी प्रतिभा के कारण वह बहुत ही कम समय में वह राज्यसभा में बहुत अच्छे वक्ता के रूप में जाने जाते थे। वह पार्टी के पदाधिकारी के रूप में संवाद और संपर्क प्रमुख रहे। प्रभात झा ने अपना पूरा जीवन विचारधारा के लिए समर्पित कर दिया।
स्वर्गीय प्रभात झा ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारा– यशवंत इंदापुरकर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर ने कहा कि स्वर्गीय प्रभात झा ने संघ के संस्कारों को अपने जीवन में उतारने का काम किया। उन्होंने संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की इच्छा को आदेश मानकर अपने आप को राष्ट्र निर्माण में झोंक दिया। ऐसे बहुत से कार्य जो प्रतिकूल परिस्थिति में लगभग कठिन लगते थे, प्रभात जी ने सबको साथ में लेकर उन कार्यों को करके दिखाया। उनका पत्रकारिता का जीवन आज की खोजी पत्रकारिता करने वालों के लिए एक उदाहरण है।
पार्टी के उत्थान में उनका योगदान अविस्मरणीय -हितानंद
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि श्रद्धेय प्रभात जी का सम्पूर्ण जीवन संगठन के कार्यों एवं समाज सेवा हेतु समर्पित रहा है। उन्होंने अपने व्यक्तित्व से अमिट छाप छोड़ी है। राजनीति, पार्टी के उत्थान में उनका योगदान अविस्मरणीय है। संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को आगे बढ़ाने का कार्य किया। वे जीवन पर्यंत चरैवेति-चरैवेति के मंत्र पर चलते रहे।
स्वर्गीय प्रभात जी प्रतिशोध की राजनीति से दूर रहे -जयभान सिंह पवैया
भाजपा के वरिष्ठ नेता व महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रभात जी का जीवन भाव की कोख से निकालकर संघर्ष की भट्टी में जो तपता है और सोना नहीं कुंदन बन जाता है, ऐसे ही उनके व्यक्तित्व का पूरा निर्माण हुआ है। वे शून्य से सृजन करने की और निर्जन में उपवन बनाने की क्षमता रखते थे। वे हमेशा प्रतिशोध की राजनीति से बहुत दूर रहे।
प्रभात झा ने हमें संवाद और सम्पर्क कराना सिखाया -भारत सिंह कुशवाह
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मुझे जिला अध्यक्ष रहते हुए स्वर्गीय प्रभात झा के कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। स्वर्गीय प्रभात झा ने हमें संवाद और सम्पर्क ही कार्यकर्ता की असली पूंजी है यह सिखाया है।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, एदल सिंह कंसाना, लखन पटेल, राकेश शुक्ला, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा, अनुसूचित जाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद आलोक शर्मा, प्रदेश महामंत्री रणवीर रावत, पूर्व सांसद केपी यादव, पूर्व मंत्री इमरती देवी, महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार, विद्यायक मोहन सिंह राठौर, पूर्व सांसद आलोक संजर, अशोक अर्गल, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जराती, मुकेश चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक भगवानदास सबनानी, लोकेंद्र पाराशर, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, तपन भौमिक, आशुतोष तिवारी, शैलेन्द्र बरुआ, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।