इंदौर । जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज सांवेर के पीएमश्री स्कूल में बच्चों के साथ अहिल्यात्सव मनाया। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर न्याय, त्याग और विकास की सच्ची पुरोधा थीं।
मंत्री सिलावट ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने अपने राज्य से बाहर भी पूरे भारत में प्रसिद्ध तीर्थों, मंदिरों और घाटों का निर्माण कराया। उन्होंने 12 ज्योतिर्लिंगों में से सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराया और बनारस में काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण करवाया। उन्होंने कुओं, बावड़ियों और सड़कों का निर्माण कराकर जन कल्याण के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किए।
सिलावट ने बताया कि देवी अहिल्याबाई ने महिलाओं और बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिलाया और महिला सशक्तिकरण के लिए जीवन भर काम किया। शासकीय कन्या उ.मा.वि. पीएमश्री सांवेर में बच्चों के बीच बैठकर उन्होंने अहिल्याबाई के व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान, स्कूली बच्चों ने देवी अहिल्याबाई की स्मृति में एक मनमोहक नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर प्राचार्य सवैया, संजय घोडेला, भारतसिंह चौहान, अंतरसिंह दयाल, सुरेशसिंह, संदीप चंगेडिया, मोहन खण्डेलवाल और सुभाष जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।