समाज और राष्ट्र में परिवर्तन की बुनियाद शिक्षा व खेल से होती है : मंत्री सिलावट

इंदौर

इंदौर में 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ; 13 राज्यों के 126 खिलाड़ी शामिल ::
इंदौर । जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज इंदौर के एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 69वें राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस प्रतियोगिता में चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और मध्यप्रदेश सहित कुल 13 राज्यों के 126 खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री सिलावट ने कहा कि समाज और राष्ट्र में परिवर्तन की बुनियाद शिक्षा और खेलकूद से होती है। उन्होंने कहा, देश के कोने-कोने से बालक-बालिकाएं एक जुनून और संकल्प लेकर खेलने आए हैं। पूरे राष्ट्र में किसी का स्तर ऊंचा है, तो वह खेल का है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अपील की कि वे 13 राज्यों के प्रतिनिधि के तौर पर खेलकर एक राष्ट्र का निर्माण करें और अपने प्रदेश को गौरवान्वित करें।
इस अवसर पर एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर मुक्तेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी शांता स्वामी भार्गव, प्राचार्य निशा, ऑब्जर्वर अजयसिंह चंदेल, क्रीड़ा अधिकारी सुनील अवस्थी, जनपद अध्यक्ष विश्वजीतसिंह सिसौदिया, कमल पटेल, मंडल अध्यक्ष विपिन जागीरदार सहित 13 राज्यों के कोच एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।