विकास कार्यों की समीक्षा के लिए सुबह ही सड़क पर उतरे आयुक्त

इंदौर

जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बनेगी नई सड़क; बाधक निर्माण हटाने के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम ::
इंदौर । शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और स्वच्छता के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने बुधवार प्रातः काल क्षेत्र का सघन दौरा किया। उन्होंने जिंसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण और लक्ष्मीबाई प्रतिमा के समीप निर्माणाधीन 35 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रस्तावित सड़क निर्माण के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग में आने वाले बाधक निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। उन्होंने इसके लिए संबंधित विभाग को 7 दिनों तक अनाउंसमेंट करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत निगम द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा।
लक्ष्मीबाई प्रतिमा के पास बन रहे 35 एमएलडी एसटीपी की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कार्य की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य की गति बढ़ाने और निर्धारित समय-सीमा में प्लांट को पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। आयुक्त ने पुलिया के समीप डाली जा रही सीवरेज लाइन के कार्य का भी अवलोकन किया और तकनीकी बारीकियों की जानकारी ली।
सफाई और मेंटेनेंस पर जोर दौरे के अंतिम चरण में आयुक्त गांधी हॉल पहुँचे, जहाँ उन्होंने ऐतिहासिक भवन की सफाई व्यवस्था, लाइट सुधार और नियमित मेंटेनेंस को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, अर्थ जैन, नरेन्द्र नाथ पाण्डेय, कार्यपालन यंत्री अश्विन जनवदे, पीएस कुशवाह सहित क्षेत्रीय जोनल अधिकारी व अन्य तकनीकी स्टाफ उपस्थित था।