ईमानदारी की मिसाल : सड़क पर मिला गहनों से भरा पर्स, यातायात पुलिस ने सुरक्षित लौटाया

इंदौर

:: आईटी पार्क चौराहे पर महिला आरक्षकों को मिला था बैग; मोबाइल पासवर्ड और आईडी से की मालिक की पुष्टि ::
इंदौर । शहर की यातायात पुलिस ने ड्यूटी के साथ ही ईमानदारी और मानवता का परिचय देते हुए एक दंपती का खोया हुआ कीमती सामान सुरक्षित लौटाया। आईटी पार्क चौराहे पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को सड़क पर एक लावारिस पर्स मिला था, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन रखे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आईडी कार्ड के जरिए मालिक को ढूंढ निकाला।
जानकारी के अनुसार, आईटी पार्क चौराहे पर यातायात पुलिस की महिला आरक्षक टोनिका मौर्य, संध्या पोरवाल और आरती वसुनिया ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क पर पड़े एक लावारिस पर्स पर पड़ी। सुरक्षा की दृष्टि से जब पर्स की जांच की गई, तो उसमें सोने के कान के आभूषण, चांदी की दो जोड़ी पायल, एक चांदी का कमरबंद, दो मोबाइल फोन और नकद राशि मिली।
:: पहचान सुनिश्चित कर सुपुर्द किया सामान ::
पर्स में रखे आईडी कार्ड के आधार पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया, तो पता चला कि उक्त दंपती राऊ क्षेत्र में है और पर्स कहीं गिर जाने से बेहद परेशान है। उन्हें तत्काल चौराहे पर बुलाया गया। पुलिस ने पूरी सावधानी बरतते हुए मोबाइल फोन का पासवर्ड खुलवाया और पर्स में रखे सामान की विस्तृत जानकारी पूछी। जब पुलिस पूरी तरह संतुष्ट हो गई, तब सारा कीमती सामान दंपती को सुपुर्द किया गया।
:: दंपती ने माना पुलिस का आभार ::
अपना कीमती सामान और गहने सुरक्षित वापस पाकर दंपती के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने इंदौर यातायात पुलिस की इस तत्परता, सजगता और ईमानदारी की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए महिला आरक्षकों का आभार व्यक्त किया। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी महिला आरक्षकों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।