ओंकारेश्वर में सिंहस्थ-2028 की तैयारी, आठ नए घाट होंगे तैयार

:: संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने दिए क्राउड मैनेजमेंट के अनुरूप विकास कार्य करने के निर्देश ::
इंदौर । इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने आज ओंकारेश्वर में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत विकास कार्य भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) को ध्यान में रखकर किए जाएं, ताकि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। चूंकि उज्जैन में सिंहस्थ के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए भी पहुंचते हैं, इसलिए यहाँ विकास कार्य बेहद ज़रूरी हैं।
:: सात विभागों ने दी प्रेजेंटेशन ::
बैठक में लोक निर्माण विभाग, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, पर्यटन निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पुलिस विभाग, सेतु विकास निगम और विद्युत वितरण कंपनी सहित सात प्रमुख विभागों ने अपने प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी। खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
:: श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान ::
डॉ. खाड़े ने अधिकारियों से कहा कि ओंकारेश्वर सिर्फ एक ज्योतिर्लिंग ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल भी है। इसलिए सिंहस्थ से पहले यहाँ पेयजल, यात्री प्रतीक्षालय, अस्थाई शौचालय और चिकित्सा सुविधाओं का बेहतर इंतजाम होना चाहिए। उन्होंने अतिरिक्त पहुँच मार्ग और पुल निर्माण के प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए।
:: आठ नए घाटों का होगा विकास ::
नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ के लिए ओंकारेश्वर के आसपास कुल 8 घाटों का विकास और उन्नयन किया जाएगा। इनमें खेड़ी घाट, गोमुख घाट, नागर घाट, नवीन घाट, संगम घाट, ब्रह्मपुरी घाट और नावघाट शामिल हैं। हर घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे।
:: अन्य प्रमुख विकास कार्य ::
पुलिस-प्रशासन : पुलिस अधीक्षक राय ने बताया कि मांधाता थाना परिसर में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और पुलिसकर्मियों के लिए बैरक-आवास स्वीकृत किए गए हैं।
विद्युत वितरण कंपनी : मोरटक्का से ओंकारेश्वर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत लाइन और फीडर विस्तार का काम स्वीकृत किया गया है।
नगर परिषद : शहर में सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा और एक सर्वसुविधायुक्त मेला क्षेत्र भी तैयार होगा।
पर्यटन निगम : शंकराचार्य गुफा का संरक्षण और ओंकार पर्वत परिक्रमा पथ पर शेड व वृक्षारोपण का काम किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग : सर्किट हाउस का निर्माण शुरू हो गया है, जिसमें 10 कक्ष और एक सूट होगा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग : 8 करोड़ रुपए की पेयजल योजना प्रस्तावित है, जिसमें मोरटक्का से ओंकारेश्वर के बीच दो ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे।