इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मनाया गया सुशासन दिवस : अधिकारियों और कर्मचारियों ने ली निष्ठा की शपथ

इंदौर

इंदौर । पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस (25 दिसंबर) के उपलक्ष्य में आज इंदौर कलेक्टर कार्यालय में सुशासन दिवस गरिमापूर्ण तरीके से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिले के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई गई।
अपर कलेक्टर रोशन राय ने उपस्थित अमले को सुशासन के उच्चतम मापदण्डों को स्थापित करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केंद्रित और जवाबदेह बनाना ही सुशासन का असली ध्येय है।
:: सामूहिक संकल्प ::
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे आमजन की समस्याओं के निराकरण और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सदैव तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने सामूहिक रूप से प्रशासन के प्रति अपनी निष्ठा और पारदर्शिता की शपथ ली।