राज्यपाल पटेल ने हितग्राही के घर किया भोजन, ग्रामीणों से जाना योजनाओं का हाल

मध्य प्रदेश

:: कन्या आश्रम की बालिकाओं को दिया सफलता का मंत्र – लक्ष्य बड़ा रखें और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास करें ::
इंदौर/बुरहानपुर । मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बुधवार को बुरहानपुर जिले के ग्राम दवाटिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के बीच पहुंचकर सादगी की मिसाल पेश की। राज्यपाल ने न केवल योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी, बल्कि हितग्राही निहालसिंग किशन के घर बैठकर पूरी आत्मीयता के साथ स्थानीय व्यंजनों – ज्वार खिचड़ा, गुड़ चूरमा और मक्का की रोटी का स्वाद भी लिया।
जनसंवाद के दौरान राज्यपाल ने कहा कि शासन की समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का मूल ध्येय समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है, ताकि हर गरीब परिवार सम्मानजनक जीवन जी सके। उन्होंने पीएम आवास योजना के अंतर्गत बने घरों का अवलोकन किया और महिला हितग्राहियों से सीधा संवाद कर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम बोरीबुजुर्ग के प्रवास पर राज्यपाल ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य बड़ा रखें और उसे हासिल करने के लिए जी-जान से जुटें। उन्होंने छात्राओं की दैनिक दिनचर्या और शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा उनके द्वारा बनाई गई कलाकृतियों की सराहना की।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक अर्चना चिटनिस, विधायक मंजू दादू, कलेक्टर हर्ष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।