बिना चिकित्सकीय परामर्श एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें नागरिक : प्रधानमंत्री

मध्य प्रदेश

:: विधानसभा अध्यक्ष तोमर और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिप्रा में सुनी मन की बात ::
इन्दौर । विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर जिले के शिप्रा स्थित शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 129वें संस्करण का श्रवण किया। इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा जन-स्वास्थ्य और राष्ट्रहित में दी गई सीख को आत्मसात करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों को आगाह किया कि वे बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें। उन्होंने कहा कि दवाओं का अनियंत्रित उपयोग स्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बन सकता है। साथ ही, उन्होंने आगामी 26 जनवरी 2026 को देश के 77वें गणतंत्र दिवस पर अपनी विरासत और जड़ों से जुड़ने का संदेश दिया।
:: उपलब्धियों भरा रहा वर्ष 2025 ::
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 की ऐतिहासिक सफलताओं का जिक्र करते हुए अंतरिक्ष यात्री सुभांशु शुक्ला की सफल वापसी और ऑपरेशन सिन्दूर की सराहना की। खेल जगत में भारतीय पुरुष, महिला और दिव्यांग महिला क्रिकेट टीमों द्वारा विश्व स्तर पर प्राप्त खिताबी जीत को उन्होंने नए भारत के बढ़ते सामर्थ्य का प्रतीक बताया।
:: वरिष्ठ नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति ::
शिप्रा के कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष तोमर और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, रायसिंह सेंधव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण चावड़ा और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्र उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा और सीईओ सिद्धार्थ जैन भी मौजूद थे।