:: इंदौर के क्षिप्रा में 251 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे; मुख्यमंत्री ने कहा- फिजूलखर्ची छोड़ बच्चों की शिक्षा पर निवेश करे समाज ::
इन्दौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर के क्षिप्रा में आयोजित श्रीमद भागवत कथा ज्ञान गंगा महोत्सव एवं 251 जोड़ों के निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। महामंडलेश्वर श्री उत्तम स्वामी जी के सानिध्य में आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने नव-दंपतियों को आशीर्वाद दिया और समाज को कुरीतियों से ऊपर उठने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सामूहिक विवाह के आयोजन अद्वितीय और प्रेरणादायी होते हैं। ये आयोजन समाज में व्याप्त ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर समानता का संदेश देते हैं। डॉ. यादव ने जोर देकर कहा कि बड़े और दिखावटी आयोजनों के कारण मध्यम और गरीब परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ता है। उन्होंने समाज से भावुक अपील की कि शादी-ब्याह के अनावश्यक खर्चों को बचाकर उसे बच्चों की शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए उपयोग करें।
डॉ. यादव ने भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परमात्मा की कृपा से जन्म तो सभी को मिलता है, लेकिन संतों के सानिध्य में जीवन सार्थक होता है। उन्होंने कहा कि 16 संस्कारों में पाणिग्रहण संस्कार वंश वृद्धि और अमरता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने मुख्य आयोजक दिलीप अग्रवाल की सराहना करते हुए कहा कि 750 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न कराना एक महान सामाजिक उपलब्धि है।
:: संत का संदेश : कन्यादान से ही मोक्ष का मार्ग प्रशस्त ::
महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि शास्त्रों में गोदान और स्वर्णदान जैसे अनेक दान वर्णित हैं, किंतु कन्यादान सर्वोपरि है। उन्होंने सामूहिक शक्ति को समाज के वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान का आधार बताया। स्वामी जी ने मुख्यमंत्री के जन-कल्याणकारी विजन की भी मुक्तकंठ से सराहना की।
:: राष्ट्र निर्माण का आधार है समरसता ::
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज के सभी वर्ग एक मंच पर एक साथ उत्सव मनाते हैं, तभी वास्तविक एकता साकार होती है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को माता-पिता की सेवा करने और समाज हित में कार्य करने की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने स्वयं पुष्प वर्षा कर जोड़ों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
:: प्रमुख हस्तियों ने बढ़ाया उत्साह ::
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा़ भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा और एसपी ग्रामीण यांगचेन भूटिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
प्रकाश/28 दिसम्बर 2025

