गिर सोमनाथ | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव के सान्निध्य में आयोजित हो रहे ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ में शामिल होने के लिए शनिवार शाम सोमनाथ पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनका भावपूर्ण स्वागत किया। हेलीपैड में प्रधानमंत्री के स्वागत-सत्कार के लिए उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, शिक्षा मंत्री डॉ. प्रद्युमन वाजा, मांडवी के विधायक अनिरुद्ध दवे, कलेक्टर एन.वी. उपाध्याय, जिला पुलिस अधीक्षक जयदीपसिंह जाडेजा और अग्रणी डॉ. संजय परमार उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय गुजरात दौरे की शुरुआत में प्रधानमंत्री सोमनाथ महादेव के चरणों में शीश नवाकर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के उत्सव में भाग लेंगे। यह यात्रा केवल आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण के प्रतीक के रूप में भी देखी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात सोमनाथ मंदिर में आयोजित विशेष ‘ओंकार मंत्र’ के जाप में शामिल होंगे। इसके बाद वे सोमनाथ के आकाश में जगमगाते अत्याधुनिक ड्रोन शो का अवलोकन करेंगे।

