अमेठी से हार के बाद स्मृति ईरानी को बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी

ताज़ा खबर देश-विदेश

-कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जताई खुशी, 2027 विधानसभा चुनाव की है तैयारी
अमेठी । लोकसभा चुनाव 2024 में अमेठी से हार के करीब 26 महीने बाद स्मृति ईरानी की बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में वापसी हुई है। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। जैसे ही उनकी नियुक्ति की खबर अमेठी पहुंची, बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कई जगह ढोल-नगाड़े बजाए गए और आतिशबाजी कर खुशी जताई गई। कार्यकर्ताओं के बीच इसे स्मृति ईरानी के राजनीतिक ‘बनवास’ के खत्म होने के तौर पर देखा जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेठी की सियासत में स्मृति ईरानी का नाम पिछले एक दशक से खासतौर पर चर्चा में रहा है। 2019 में राहुल गांधी को हराकर उन्होंने कांग्रेस के इस पुराने गढ़ में बीजेपी का परचम लहराया था। हालांकि 2024 में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के हाथों 1 लाख 67 हजार 196 वोटों से हार मिली। चुनावी हार के बावजूद स्मृति ने अमेठी से अपना संपर्क नहीं तोड़ा। अब राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी भूमिका को लेकर नए सियासी कयास लगने शुरु हो गए हैं।
बता दें 2019 का लोकसभा चुनाव स्मृति ईरानी के राजनीतिक सफर का सबसे बड़ा पड़ाव माना गया है। उन्होंने कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी में हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इसके बाद केंद्र सरकार में उन्हें अहम जिम्मेदारियां मिलीं और अमेठी उनकी राजनीतिक पहचान का मजबूत आधार बन गया, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में तस्वीर बदल गई। कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने स्मृति ईरानी को 1,67,196 वोटों के अंतर से हरा दिया। इस हार के बाद उनके राजनीतिक भविष्य और अमेठी से दूरी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि स्मृति ने इन अटकलों को अपने अमेठी संपर्क से गलत साबित किया।
राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में स्मृति ईरानी की भूमिका बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के सामने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा बनाए रखने और महिला मतदाताओं के बीच पकड़ मजबूत करने की चुनौती है। स्मृति का आक्रामक भाषण, महिला केंद्रित राजनीतिक अपील और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद पार्टी की इस रणनीति में काम आ सकता है। अमेठी में नियुक्ति की खबर मिलते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं के बीच अब चर्चा है कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी संभालने के बाद स्मृति ईरानी जल्द ही अपने पुराने संसदीय क्षेत्र का दौरा कर सकती हैं। ऐसे में उनकी वापसी सिर्फ संगठनात्मक नियुक्ति तक सीमित रहेगी या अमेठी की सियासत में भी इसका असर दिखेगा, इस पर सभी की नजर हैं।