इंदौर ट्रैफिक पुलिस की हेल्पलाइन पर आईं 1837 शिकायतें, 1810 का हुआ समाधान

इंदौर

:: व्हाट्सएप नंबर 7049107620 पर नागरिक दे रहे फीडबैक; नो-पार्किंग और जाम की समस्याओं पर तुरंत एक्शन ::
इंदौर । शहर के यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए इंदौर पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन नागरिकों के लिए बड़ी मददगार साबित हो रही है। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में जारी हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर अब तक कुल 1837 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से रिकॉर्ड 1810 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा चुका है। मात्र 27 शिकायतों पर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
ट्रैफिक प्रबंधन पुलिस द्वारा संचालित इस हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को वायरलेस कंट्रोल और वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाता है। इसके बाद संबंधित बीट या थाना क्षेत्र की ट्रैफिक टीम तत्काल क्रेन या अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुँचकर समाधान करती है। रविवार को प्राप्त हुई सभी 12 शिकायतों का भी पुलिस ने तत्काल निराकरण किया।
:: जाम और नो-पार्किंग की समस्या प्रमुख ::
हेल्पलाइन टीम के अनुसार, नागरिकों द्वारा प्राप्त शिकायतों में अधिकांशतः शाम के समय कुछ मार्गों पर अत्यधिक यातायात दबाव और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के कारण होने वाले अवरोध की जानकारी दी जा रही है। यदि शिकायत किसी अन्य विभाग से संबंधित होती है, तो ट्रैफिक पुलिस पुष्टि के बाद उसे संबंधित विभाग को अग्रेषित भी कर रही है।
:: पुलिस ने मांगी जनता से भागीदारी ::
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इंदौर को सुव्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दें। किसी भी प्रकार की ट्रैफिक संबंधी समस्या, अवैध पार्किंग या यातायात बाधित होने पर हेल्पलाइन नंबर पर फोटो या जानकारी साझा करें। विभाग का मानना है कि जिम्मेदार नागरिकों और मुस्तैद पुलिस के समन्वय से ही इंदौर के यातायात को आदर्श बनाया जा सकता है।