पीएम मोदी ने रहमान को जीत की दी बधाई और कहा- प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के साथ है भारत

ताज़ा खबर देश

नई दिल्ली । बांग्लादेश में हुए 13वें संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रचंड जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान को ऐतिहासिक विजय पर गर्मजोशी से बधाई दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, संसदीय चुनावों में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए मैं तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं। यह जीत आपके नेतृत्व में बांग्लादेशी लोगों के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में मजबूती से खड़ा रहेगा। पीएम मोदी ने अपने संदेश में दोनों देशों के साझा विकास लक्ष्यों, क्षेत्रीय स्थिरता और पारस्परिक सहयोग को नई ऊर्जा देने की बात कही। उन्होंने संकेत दिया कि नई सरकार के साथ भी भारत मजबूत और रचनात्मक द्विपक्षीय संबंधों को प्राथमिकता देगा।
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद यह बांग्लादेश का पहला बड़ा आम चुनाव था। करीब 17 वर्षों के अंतराल के बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी को दक्षिण एशियाई राजनीति में एक अहम मोड़ माना जा रहा है। चुनावी नतीजों ने क्षेत्रीय कूटनीति और भारत-बांग्लादेश संबंधों को लेकर नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं।