धार्मिक पर्यटन और यात्रियों को बड़ी राहत
सारंगपुर । क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चल रही मांग आखिरकार साकार हो गई है बुधवार से इन्दौर–देहरादून–ऋषिकेश ट्रेन का साप्ताहिक स्टापेज सारंगपुर रेलवे स्टेशन पर प्रारंभ हो गया है। अब यह ट्रेन सप्ताह में बुधवार और गुरुवार को सारंगपुर स्टेशन पर रुकेगी, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को विशेष रूप से धार्मिक नगरी ऋषिकेष तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
यह ट्रेन प्रति सप्ताह के बुधवार व गुरुवार को इन्दौर से 3.25 पर चलकर शाम 7.38 पर सारंगपुर आएगी व सप्ताह के मंगलवार व बुधवार को देहरादून की ओर से चलकर रात 12.30 पर सारंगपुर रेल्वे स्टेशन पर आएगी। यह ट्रेन उज्जैन होकर चलेगी।
धार्मिक स्थल से सीधा जुड़ाव
इस ट्रेन के माध्यम से सारंगपुर का सीधा संपर्क उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों विशेषकर ऋषिकेश और देहरादून से हो गया है। ऋषिकेश गंगा तट, आश्रमों और आध्यात्मिक साधना स्थलों के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। अब क्षेत्र के श्रद्धालु बिना अतिरिक्त ट्रेन बदलने की परेशानी के सीधे यात्रा कर सकेंगे।बता दे कि नगरवासियों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी। अब स्टापेज मिलने से न केवल धार्मिक यात्राएं सुगम होंगी, बल्कि अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
देहरादून ट्रेन रुकने से अब सारंगपुर मे अब 5 ट्रेनो का हुआ स्टापेज
उल्लेखनीय है कि रेल सुविधाओं के मामले में सारंगपुर रेलवे स्टेशन, शाजापुर व पचोर के रेल्वे स्टेशनो की तुलना में अब तक पिछड़ा हुआ है। क्योंकि इन दोनो स्टेशनो पर इस मार्ग से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनो का स्टापेज है किन्तु सारंगपुर रेल्वे स्टेशन पर अभी तक केवल अहमदाबाद लखनऊ साबरमती एक्सप्रेस, कोटा–इन्दौर ट्रेन तथा बीना–नागदा ट्रेन तथा साप्ताहिक ट्रेन भिंड इन्दौर, रतलाम का सप्ताह मे दो दिन रात्रि कालीन का ही स्टापेज था।
इन्दौर देहारादून नई ट्रेन का स्टापेज निश्चित रूप से सारंगपुर के लिए एक सकारात्मक शुरुआत है, किंतु यात्रियों को अभी भी इस स्टेशन से गुजरने वाली इन्दौर दिल्ली, इन्दौर अमृतसर व अन्य ट्रेनों के ठहराव तथा यात्रियो को रुकने के लिए बेहतर प्रतीक्षालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की अपेक्षा बनी हुई है ।इन्दौर देहरादून ऋषिकेश ट्रेन का स्टापेज क्षेत्र के लिए केवल रेल सुविधा नहीं, बल्कि धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक विकास का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आवागमन को भी गति मिलने की संभावना है।
मांग पूरी होने पर हर्ष का माहौल
जैसे ही बुधवार शाम ट्रेन सारंगपुर स्टेशन पर रुकी, वहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर एक कार्यक्रम भी रखा गया।
इस मौके पर राजमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि उक्त ट्रेन मॉ शिप्रा से मॉ गंगा तक जाएगी इसमे हमे भी पुण्य लाभ मिलेगा।
इस ट्रेन के अलावा अन्य ट्रेनो के स्टापेज का प्रयास किया जाएगा। गुना से इन्दौर तक ऐसी गाडी चलाई जाए जो सुबह 10 -11 तक पहुंच जाए ताकि व्यापारी वर्ग अपना कार्य कर सके।
इस मौके पर राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड का साफा बांधकर स्वागत किया। इस अवसर पर पश्चिम रेल मंडल के प्रबन्धक अभिराम खरे, नपाध्यक्ष पकंज पालीवाल, भाजपा नेता निर्मल जैन, नीलेश वर्मा ब्रजेश तिवारी, महेश पुस्पद विकास करोडिया सहित अन्य लोग बडी संख्या मे मौजूद थे।

