कहा- केंद्र सरकार ने एजेंसियों के जरिए हमें विच हंट का शिकार बनाया
नई दिल्ली । भारत राष्ट्र समिति की पूर्व सदस्य और के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता तेलंगाना में एक नई पार्टी बनाने जा रही हैं। कविता ने यह एलान तब किया, जब दिल्ली की एक कोर्ट ने उन्हें और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल समेत 23 लोगों को दिल्ली शराब घोटाले के मामले में बरी कर दिया था। बरी होने के बाद कविता तिरुमाला में तिरुपति बालाजी मंदिर गईं। कविता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भगवान बालाजी के आशीर्वाद से हम जल्द ही तेलंगाना राज्य में एक पॉलिटिकल पार्टी बनाने जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक के कविता ने कहा कि पूरे देश ने देखा है कि कैसे हमारे साथ इस तरह का भेदभाव किया गया और कैसे केंद्र सरकार एजेंसियों के जरिए हमें इस तरह की विच हंट का शिकार बनाया जाता है। कविता ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पूरा देश और खासकर इस देश की महिलाएं उनके साथ खड़ी होंगी। उन्हें विश्वास है कि तेलंगाना के लोग उन्हें आशीर्वाद जरुर देंगे। कविता ने बताया कि पार्टी तेलंगाना के लोगों के लिए काम करने वाली एक रीजनल पार्टी होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली शराब घोटाले के मामले के बारे में बात करते हुए के कविता ने इसे विच हंट कहा और केंद्र पर विपक्षी राजनीतिक पार्टियों को टारगेट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से इस देश में राजनीतिक विच हंट हुआ है, जिस तरह से हमें सिर्फ इसलिए टारगेट किया गया क्योंकि हम एक अलग राजनीतिक पार्टी से हैं। यह इस देश में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और न्यायपालिका ने झूठ के इस जाल को देख लिया है और हम सभी को बरी कर दिया।

