-यूपी में बीजेपी की हैट्रिक तय, फिर खिलेगा कमल
नई दिल्ली । यूपी में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। मौर्य का ट्वीट बीजेपी नेता प्रोफेसर रामाश्रय कुशवाहा के सपा में शामिल होने के बाद सामने आया है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर अखिलेश को साल 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान की उनकी रणनीति की याद दिलाई।
मौर्य ने चुटकी लेते हुए कहा कि तीन-तिकड़म के बावजूद सपा बीजेपी को सत्ता से नहीं हटा सकी। इस बार भी उनकी सभी रणनीति और जातीय समीकरण फेल होने वाला है। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी की हैट्रीक जीत का दावा भी कर दिया। केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्वीट में 2022 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए लिखा- उस समय सपा ने राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के साथ गठबंधन किया था और कई वजूद वाले नेताओं को अपने दल में शामिल कराया था। इसके बावजूद वह बीजेपी को सत्ता से नहीं हटा सकी थी। सपा के सभी सामाजिक और राजनीतिक समीकरण धरे के धरे रह गए थे।
केशव ने लिखा- सपा के पास न कोई दृष्टिकोण है और न विश्वसनीय नेतृत्व। जनता का भरोसा तो उसमें कतई नहीं है इसलिए इस बार भी उसका जातीय समीकरणों और खोखले नारों का खेल धरा का धरा रह जाएगा। उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में लिखा- कुल मिलाकर लब्बोलुआब यह है कि सपा के अखिलेश यादव की कोई भी पैंतरेबाजी तीसरी बार भी बीजेपी की बाजी पलट नहीं पाएगी। यूपी में बीजेपी की हैट्रिक तय है और तीसरी बार भी कमल ही खिलेगा।
केशव प्रसाद मौर्य का ये पोस्ट ऐसे समय में सामने आया है जब बीजेपी के नेता और 6 बार के मंत्री रहे प्रोफेसर रामाश्रय कुशवाहा सपा में शामिल हो गए हैं। 2013 में कुशवाहा ने सपा का साथ छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। कुशवाहा के अलावा रालोद, बसपा, निषाद पार्टी, लेखपाल संघ, अपना दल और एआईएमआईएम समेत अलग-अलग संगठनों से जुड़े स्थानीय नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की है।

