नई दिल्ली । कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा होने के बाद मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पर्याप्त तेल-गैस और उर्वरक मुहैया कराने में लाचार साबित हुई है।कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पोस्ट में लिखा, घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपए का इजाफा और कमर्शियल एलपीजी में 115 रुपए का मुनाफा कमाया। पहले कम अंतर्राष्ट्रीय दामों का लाभ जनता से छीना गया और अब महंगाई के बोझ से जनता का पसीना निकाला। जंग होने पर सब चंगा सी का दावा करने वाली मोदी सरकार, पर्याप्त तेल-गैस और उर्वरक मुहैया कराने में लाचार साबित हुई है। इसके पहले, कांग्रेस ने पोस्ट किया, मोदी सरकार ने जनता को झटका दिया है। केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम सीधे 60 रुपए बढ़ा दिए हैं। वहीं, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के लिए अब आपको 115 रुपए ज्यादा चुकाना होगा। बीते 3 महीने में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 307 रुपए बढ़ गए हैं। केंद्र सरकार लगातार जनता पर महंगाई का हंटर चला रही है।
वहीं आम आदमी पार्टी ने भी एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने पर केंद्र सरकार को घेरा। आप पार्टी ने पोस्ट पर लिखा, मोदी सरकार ने जनता को होली गिफ्ट दिया है। देश की जनता बढ़ती महंगाई से पहले ही त्रस्त है और उसके ऊपर से सरकार ने एक और बम फोड़ा है। सरकार ने घरों में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपए और बढ़ा दिए हैं।
बता दें कि तेल कंपनियों ने शनिवार को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।

