खडी यात्री बस में अचानक लगी आग, मची अफरातफरी

इंदौर

इन्दौर | पिपल्या हाना क्षेत्र में खडी निजी ट्रैवल्स की एक यात्री बस में अचानक आग लगने की सनसनीखेज घटना से अफरातफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने स्थिति को संभाला। घटना तिलकनगर थाना क्षेत्र के बाबा ट्रैवल्स के मैदान की है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी मनीष लोधा के अनुसार सूचना पर तुरंत दो फायर फाइटर और दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब दो टैंक पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। बस को नुकसान पहुंचा है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रही है।