ब्रज और वृन्दावन से आए बैंड और रंगमंच के 32 कलाकारों ने अपने फाग गीतों से 4 घंटे तक हर किसी को बनाया मंत्रमुग्ध

इंदौर

:: अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति की मेजबानी में ब्रज रत्न वंदनाश्री की प्रस्तुतियों ने संपत पैलेस को बनाया अनूठे उत्सवों का साक्षी ::
इंदौर । रविवार की रात इंदौर का बायपास स्थित संपत पैलेस गार्डन किसी दिव्य लोक जैसा प्रतीत हो रहा था। अवसर था अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति द्वारा आयोजित रंगारंग फाग महोत्सव का, जिसने शहर के 120 से अधिक अग्रवाल संगठनों को एक मंच पर ला खड़ा किया। ब्रज और वृन्दावन से आए 32 कलाकारों ने जब अपनी सुरमयी फाग गीतों की वर्षा की, तो उपस्थित हजारों समाज बंधु भक्ति और उमंग के सागर में गोते लगाने लगे।
अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रंगमंच कलाकार वन्दनाश्री एवं उनके वृन्दावनी रास बैंड की प्रस्तुति ने चार घंटे तक दर्शकों को अपनी सीटों से उठने नहीं दिया। पुष्प वर्षा, सुगंधित इत्र, केसर और चंदन के बीच जब राधा-कृष्ण के स्वरूप में कलाकारों ने मंच संभाला, तो पूरा वातावरण वृंदावन की गलियों जैसा जीवंत हो उठा। यह पहला अवसर था जब वंदनाश्री ने अपने वृन्दावनी रास बैंड के साथ इंदौर में इतनी भव्य प्रस्तुति दी।
:: महाराजा अग्रसेन को नमन से शुरुआत ::
कार्यक्रम की शुरुआत समिति के प्रमुख संरक्षक विनोद अग्रवाल, अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल, संयोजक जगदीश बाबाश्री एवं गणेश गोयल सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा महाराजा अग्रसेन के चित्र पूजन व दीप प्रज्वलन से हुई। इसके उपरांत वंदनाश्री के निर्देशन में संगीत और भजन संकीर्तन का जो सिलसिला चला, उसने हर किसी के मन को मोह लिया।
:: इंदौर की सराहना में उमड़े भाव ::
वंदनाश्री ने इंदौर की सेवा-संस्कृति और स्वच्छता के प्रति जागरूकता की खुलेमन से सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर के लोगों की शालीनता पूरे देश में मिसाल है। कार्यक्रम में करीब 5 हजार समाज बंधुओं की उपस्थिति रही, जिसमें विशेषकर महिलाओं और युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था।
अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्षों किशोर गोयल, संजय बांकडा, संतोष गोयल, राम एरन, कुलभूषण मित्तल कुक्की, गोविन्द सिंघल, अरविन्द बागड़ी, राजेश बंसल, विष्णु बिंदल, पीडी अग्रवाल (महू) एवं केन्द्रीय समिति के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।