आरोपियों को फांसी देने की मांग
गुना । दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान युवक तरुण खटीक की हत्या के विरोध में गुरुवार को गुना में सर्व हिन्दू समाज के बैनर तले लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर में आक्रोशित लोगों ने रैली निकालते हुए नारेबाजी की और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई। इस दौरान खटीक समाज के लोगों के साथ अन्य नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और घटना को लेकर गहरा रोष जताया।
प्रदर्शनकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। रैली के दौरान लोग हाथों में बैनर और तख्तियां लिए हुए थे तथा तरुण खटीक को न्याय दिलाने के लिए नारे लगा रहे थे। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर संजीव खेमरिया को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि होली जैसे पावन पर्व के दौरान दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र में 26 वर्षीय तरुण खटीक की नृशंस हत्या कर दी गई, जिससे पूरे देश में आक्रोश की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
सर्व हिन्दू समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की कि इस जघन्य हत्या में शामिल आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही मृतक तरुण खटीक के परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।

