बालाघाट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 13 मार्च को आसाम राज्य के गुवाहाटी से देश के किसानों के बैंक खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 22 वीं किश्त का वितरण किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला स्तर पर कलेक्ट्रेड कार्यालय के सभाहॉल में दिखाया गया। इसमें जिले के किसानों के साथ ही जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर डीपी बर्मन, अधीक्षक भू-अभिलेख कृष्णा नायक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का तहसील एवं विकासखंड स्तर पर भी सीधा प्रसारण दिखाया गया।
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा राज्य सरकार की मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से पात्र किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। दोनों योजनाओं के अंतर्गत किसानों को प्रतिवर्ष 6-6 हजार रुपये की राशि तीन समान किश्तों में दी जाती है। इस प्रकार किसान परिवारों को सालाना कुल 12 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जा रही है।
इन योजनाओं के अंतर्गत बालाघाट जिले के 3 लाख 41 हजार 639 किसान परिवारों को लाभ मिल रहा है। अब तक जिले के किसान परिवारों को लगभग 1260 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है, जिससे किसानों को खेती और अन्य आवश्यक कार्यों में आर्थिक सहारा मिल रहा है। विशेष बात यह है कि मध्य प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में बालाघाट जिले के सबसे अधिक किसान परिवार इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। इससे जिले के किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल रही है और खेती-किसानी को बढ़ावा मिल रहा है।

