सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बदले पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने पर जोर; अपर आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश ::
इंदौर । शहर को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को गति देने के लिए नगर निगम द्वारा एक महत्वपूर्ण ईको स्वैप बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शहर के प्रमुख उत्पादकों और थोक विक्रेताओं के साथ चर्चा कर सिंगल यूज़ प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को अपनाने पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने उत्पादकों और थोक विक्रेताओं को प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उत्पादन, भंडारण और विक्रय पर लागू कानूनी प्रतिबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाली इन वस्तुओं का उपयोग अब पूरी तरह वर्जित है। इसके विकल्प के रूप में बाजार में उपलब्ध अन्य ईको-फ्रेंडली वस्तुओं को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों को प्रोत्साहित किया गया।
:: स्वच्छता के संकल्प के साथ शपथ ::
नगर निगम द्वारा आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को स्वच्छ इंदौर का सहभागी बनाना था। बैठक के दौरान सभी उपस्थित उत्पादकों और थोक विक्रेताओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने, न बेचने और न ही भंडारण करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। व्यापारियों ने भी निगम के इस अभियान में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
:: पर्यावरण अनुकूल विकल्पों की ओर बढ़ा शहर ::
अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने बताया कि नगर निगम का प्रयास है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के विकल्प आसानी से उपलब्ध हों, ताकि आम नागरिकों को कोई असुविधा न हो। इसके लिए उत्पादकों को ऐसे उत्पादों के निर्माण में प्राथमिकता देने को कहा गया है, जो पूरी तरह से नष्ट होने योग्य हों।
यह पहल इंदौर को स्वच्छता रैंकिंग में और ऊपर ले जाने के साथ-साथ शहर के पर्यावरण को सुरक्षित बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी।

