स्वतंत्रता दिवस पर बांटने वाले लड्डुओं में निकलें कीड़े , दुकान सील

मध्य प्रदेश

इन्दौर स्कूल में बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बांटे गए लड्डुओं में कीड़े होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला समीपस्थ धमनाई पंचायत के सोनगुराड़िया गांव का है। मामले की सूचना पुलिस, तहसीलदार और एसडीएम को देने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने उस दुकान को सील कर दिया जहा से लड्डू खरीदे गए थे।
प्राप्त जानकारी अनुसार सोनगुराड़िया माध्यमिक स्कूल के बच्चों को करीब 40 किलो लड्डू वितरित किए जा रहे थे। इसी दौरान करीब आठ साल की एक बच्ची ने लड्डू में कीड़े होने की शिकायत की। इसके बाद ग्रामीणों ने वितरण रुकवा दिया, हालांकि तब तक बहुत से बच्चों को लड्डू का वितरण किया जा चुका था। परन्तु शिकायत सामने आने के बाद तुरंत बच्चों को लड्डू खाना बंद करवा दिया गया। इस दौरान दो बच्चों के पेट में दर्द होने की भी बात सामने आई तो तुरंत मामले की सूचना पुलिस, तहसीलदार और एसडीएम को दी गई। सूचना के बाद सरपंच के बताएं अनुसार खाद्य विभाग की टीम खजराना स्थित उस दुकान पर पहुंची, जहां से लड्डू खरीदे गए थे और दुकान से लड्डू जब्त कर दुकान सील करने की कार्रवाई की। लड्डू के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में धमनाई पंचायत के सरपंच सीताराम चौहान ने खाद्य विभाग की टीम को बताया कि पंचायत की ओर से स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में बच्चों को बांटने के लिए करीब 40 किलो लड्डू खजराना स्थित योगेश शर्मा की दुकान से खरीदे गए थे। वितरण के दौरान बच्चों ने लड्डुओं में कीड़े होने की शिकायत की, जिसके बाद तत्काल उनका वितरण बंद करवा दिया गया। नायब तहसीलदार योगेश मेश्राम के अनुसार माध्यमिक स्कूल के बच्चों के वितरण के लिए सरपंच ने दुकान से लड्डू खरीदे थे। शिकायत सामने आने के बाद खाद्य विभाग को सूचना दी गई। विभाग की टीम ने सैंपल जांच के लिए भिजवाने की कार्रवाई करते हुए लड्डू जब्त किए और दुकान सील कर दी गई है।