देश में बढ़ा सियासी और धार्मिक बवाल
नई दिल्ली । तृणमूल कांग्रेस सांसद कीर्ति आजाद का राम मंदिर को लेकर दिया गया बयान अब देश में बड़े सियासी और धार्मिक विवाद का कारण बना है। उनके बयान से संत समाज में भारी रोष है, और एक धार्मिक नेता ने सांसद आजाद की जुबान काटकर लाने वाले को 5 लाख रुपये का इनाम देने तक का ऐलान कर दिया है। संतों ने आजाद पर भगवान राम और सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कीर्ति आजाद ने राम मंदिर जाने के सवाल पर कहा था कि वे अपनी पत्नी का परित्याग करने वाले के मंदिर नहीं जाएंगे। उन्होंने भगवान राम की मर्यादा पुरुषोत्तम की उपाधि पर सवाल उठाकर पूछा कि जब सीता मां अग्निपरीक्षा में पास होने के बाद भी घर से निकाल दी गईं, तब वे उस मंदिर में क्यों जाएं? खुद को मिथिला का बताकर टीएमसी नेता आजाद ने सीता को अपनी मां बताया और कहा कि वे कामाख्या और मां काली के उपासक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल राम-राम में ही फंसे हैं और उनके लिए भगवान कृष्ण कोई मायने नहीं रखते। आजाद ने सवाल उठाया कि जब वे कालीघाट, कामाख्या और दिल्ली के काली मंदिरों में जाते हैं, तब क्या वे हिंदू नहीं हैं?
टीएमसी सांसद आजाद के बयान के बाद अयोध्या के धार्मिक नेताओं ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। एक धार्मिक नेता ने खुलेआम कहा कि जो व्यक्ति कीर्ति आजाद की जुबान काटकर लाएगा, उस 5 लाख का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने आजाद जैसे लोगों पर राम और सनातन का अपमान करने का आरोप लगाया। संतों ने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम थे और उन्होंने सीता को वन में यूं ही नहीं छोड़ा था, बल्कि यह समाज को शिक्षा देने और संतुलित करने के लिए एक मर्यादा का कार्य था। उन्होंने कहा कि कीर्ति आजाद जैसे नेताओं की औकात नहीं है कि वे भगवान राम के आदर्शों को जान सकें। एक अन्य धार्मिक नेता ने आजाद के तर्क पर प्रश्नचिह्न लगाकर कहा कि पिता को अपनी मां बता रहे हैं, तब बाप भी तब कोई होगा कि बिना बाप का मां हो जाएंगी? यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में भी तेजी से फैल रहा है, जिससे तृणमूल कांग्रेस पर भी सवाल उठ रहे हैं।

