-केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा लोगों को घबरान की जरुरत नहीं
नई दिल्ली । केंद्र सरकार ने ईरान युद्ध के चलते देश में संभावित लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों पर सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ कहा कि लॉकडाउन को लेकर जो भी बातें कही जा रही हैं वे पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार हालात पर नजर रख रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत में लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है और इस तरह की बातें पूरी तरह अफवाह है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि ऐसी अफवाहें फैलाना गैर-जिम्मेदाराना है और इससे लोगों में बेवजह डर फैलता है। सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सरकार ने साफ किया है कि मौजूदा वैश्विक हालात के बावजूद देश में ईंधन या जरूरी वस्तुओं की कोई कमी नहीं है।
मंत्रालय के मुताबिक भारत के पास पर्याप्त तेल और गैस का स्टॉक है और अगले 60 दिनों की सप्लाई पहले ही तय कर ली गई है। इसके अलावा भारत अब 41 से ज्यादा देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है, इससे होर्मुज स्ट्रेट में किसी भी तरह की बाधा का असर काफी हद तक कम हो गया है। तेल कंपनियों ने भी अपनी तरफ से तैयारियां बढ़ा दी हैं। पेट्रोल पंप मालिकों को अब पहले से ज्यादा क्रेडिट दिया जा रहा है ताकि किसी भी स्थिति में पेट्रोल-डीजल की कमी न हो। सरकार का कहना है कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यातक देश भी है, इसलिए “नेशनल एनर्जी इमरजेंसी” जैसी किसी स्थिति की जरूरत फिलहाल नहीं है।

