ट्रंप का सनसनीखेज दावा कहा- खुफिया एजेंसी ने मुझे बताया ईरान के नए सुप्रीम लीडर गे हैं

अंतरराष्ट्रीय

वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक हालिया इंटरव्यू में ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई और ईरान की सैन्य स्थिति को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए हैं। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी (सीआईए) ने उन्हें जानकारी दी है कि ईरान के नए अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई समलैंगिक हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या सीआईए ने विशेष रूप से इस बात की पुष्टि की है, तो ट्रंप ने कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी दी गई थी, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि कई अन्य लोग भी इस तरह की बातें कर रहे हैं।
ट्रंप ने ईरान के कड़े शरिया कानूनों का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की जानकारी नए सुप्रीम लीडर के लिए एक खराब शुरुआत साबित हो सकती है। गौरतलब है कि ईरान में समलैंगिकता पूरी तरह से गैरकानूनी है और वहां इसके लिए मृत्युदंड तक के कड़े प्रावधान हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले हफ्ते जब खुफिया ब्रीफिंग के दौरान ट्रंप को यह बताया गया, तो वह काफी हैरान रह गए थे और उन्होंने इस पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए प्रतिक्रिया दी थी। हालांकि, ट्रंप ने इन दावों के समर्थन में कोई सार्वजनिक या पुख्ता सबूत पेश नहीं किया है।
ईरान के साथ चल रहे तनाव और पश्चिम एशिया के संघर्ष पर बात करते हुए ट्रंप ने सैन्य मोर्चे पर भी बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने दृढ़ता के साथ कहा कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त प्रयासों ने तेहरान की सैन्य क्षमताओं को लगभग मटियामेट कर दिया है। ट्रंप के अनुसार, अमेरिका सैन्य रूप से यह युद्ध पहले ही जीत चुका है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी अभियानों ने ईरान के सैन्य बुनियादी ढांचे के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों को पूरी तरह बेअसर कर दिया है।
अपनी सैन्य उपलब्धियों को गिनाते हुए ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना और वायु सेना अब लगभग खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के 154 आधुनिक जहाजों को समुद्र में डुबो दिया है। इस दौरान उन्होंने तंजिया लहजे में यह भी कहा कि इन जहाजों को नष्ट करने के बजाय कब्जे में लिया जा सकता था, लेकिन सेना अपनी ताकत दिखाना चाहती थी। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान की मिसाइल मारक क्षमता अब केवल 9 प्रतिशत ही बची है और उनके अधिकांश मिसाइल लॉन्चर नष्ट किए जा चुके हैं। उन्होंने इसे ईरानी सैन्य ताकत के पूर्ण पतन के रूप में पेश करते हुए कहा कि बिना लॉन्चर के मिसाइलें किसी काम की नहीं रह जाती हैं।