महिला आरक्षण : इंदौर नगर निगम पारित करेगा समर्थन प्रस्ताव

मध्य प्रदेश

:: पीएम मोदी के अभिनंदन के लिए 18 अप्रैल को विशेष सम्मेलन, महापौर बोले- नेतृत्व सशक्तिकरण का ऐतिहासिक काल ::
इंदौर । देश की संसद में 16 अप्रैल को पेश होने वाले महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है। केंद्र के इस कदम को जमीनी समर्थन देने के लिए इंदौर नगर निगम ने बड़ी पहल की है। निगम देश के उन चुनिंदा निकायों में शामिल होगा, जो इस विधेयक के समर्थन में औपचारिक प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजेंगे।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इसे राष्ट्रीय गौरव का विषय बताते हुए कहा कि भारत अब महिला सशक्तिकरण से आगे बढ़कर महिला नेतृत्व सशक्तिकरण (वूमेन-लेड एंपावरमेंट) के स्वर्णिम युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बताया कि संसद में विधेयक पेश होने के ठीक दो दिन बाद, 18 अप्रैल को परिषद का विशेष सम्मेलन बुलाया गया है। यह सत्र केंद्र के फैसले को स्थानीय सरकार का नैतिक और संवैधानिक समर्थन देने का मंच बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर प्रदेशभर में शुरू हुए वैचारिक मंथन की कड़ी में इंदौर न केवल चर्चा करेगा, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित करेगा। महापौर के अनुसार, यह पहल स्पष्ट करती है कि अब महिलाओं की भूमिका केवल भागीदारी तक सीमित नहीं, बल्कि नेतृत्व के शिखर तक पहुंचने वाली है।