:: तपोनिष्ठ राजगुरु महाराज के सानिध्य में 11 दिन बही भक्ति की गंगा, भू-समाधि रही आकर्षण का केंद्र ::
इंदौर । तिल्लौर–शिवनगर मार्ग स्थित संकट मोचन हनुमंत मंदिर (खेड़ापति आश्रम, पिपलिया लोहार) में आयोजित 11 दिवसीय विराट हनुमंत मेला बुधवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। तपोनिष्ठ संत राजगुरु महाराज के सानिध्य में चले इस महोत्सव ने आस्था और सामाजिक समरसता का नया अध्याय रचा। समापन के बाद भी आश्रम में अभिमंत्रित रुद्राक्ष प्राप्त करने के लिए प्रदेशभर से श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
आयोजन के दौरान 72 घंटे की दिव्य भू-समाधि साधना, श्रीमद् भागवत कथा, अखंड हनुमान चालीसा पाठ और सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे सेवा प्रकल्पों ने मेले को विशिष्ट पहचान दी। महाराज ने समापन पर शासन-प्रशासन, सेवादारों, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक उषा ठाकुर और मीडिया सहित सभी प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों का आभार माना। उन्होंने विशेष रूप से मुंबई से आई इवेंट टीम के सांस्कृतिक योगदान की सराहना की।
:: अब शिव महापुराण की तैयारी ::
आश्रम से जुड़े बीडी तिवारी ने बताया कि इस महोत्सव की सफलता के बाद अब आगामी सावन माह में आश्रम परिसर में संतोष गवलाना के सहयोग से भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। राजगुरु महाराज ने भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि धर्म और जनसेवा की यह धारा आश्रम में निरंतर प्रवाहित होती रहेगी। मेले के समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

