भोपाल । संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को संभाग आयुक्त कार्यालय में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम तथा विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनहितकारी सेवाओं का पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन है।
संभागायुक्त ने सभी जिलों के कलेक्टरों को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई, नगर निगम और जिला पंचायत को बारिश के मौसम में पेयजल की नियमित जांच और क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के लिए कहा। वहीं शिक्षा विभाग को सभी शासकीय विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण, पहली कक्षा में नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपआउट कम करने के निर्देश दिए।
जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान श्री शर्मा ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत चयनित ग्रामों में सभी विभागों की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने सभी संभागीय अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह जिलों का भ्रमण कर योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की समीक्षा करने और समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अगले सप्ताह से विभागवार प्रस्तुतिकरण आयोजित कर योजनाओं, उपलब्धियों और चुनौतियों की समीक्षा करने की बात कही।
बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास विनोद यादव, उपायुक्त भारती देवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

