पत्नी से विवाद के चलते तनाव में युवक ने लगाई फांसी, मौत

इंदौर

इन्दौर | आत्महत्या के एक सनसनीखेज मामले में पत्नी से विवाद के चलते मानसिक तनाव झेल रहे युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मामला लसूडिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम कृष्णा भालेराव पिता बलिराम भालेराव उम्र छत्तीस साल निवासी बापू गांधी नगर है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है परन्तु पूछताछ में पत्नी रीना के साथ विवाद की बात सामने आई है। कृष्णा और रीना की शादी को करीब 15 साल हो चुके थे। उनके एक बेटा और एक बेटी है। कृष्णा पेंटिंग का काम करता था। विवाद का कारण मृतक की पत्नी रीना की दोस्ती किसी रविंद्र मानकर निवासी खामखेड़ा खरगोन से होना बताया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि रविंद्र द्वारा कृष्णा के मोबाइल पर फोटो और मैसेज भेजे जाते थे, जिससे उनके बीच विवाद के बाद तनाव बना रहता था। तीन दिन पहले भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद रीना ने मोबाइल से फोटो और मैसेज डिलीट कर दिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा सभी पहलुओं से जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।