स्टेट प्रेस क्लब के जर्नी ऑफ़ ए जर्नलिस्ट कार्यक्रम में रूबरू हुए जी न्यूज के प्राइम टाइम एंकर ::
इंदौर । वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार अनंत त्यागी ने कहा कि वर्तमान में पत्रकारिता पाठ्यक्रम में आमूल-चूल परिवर्तन की अत्यंत आवश्यकता है। पुराना पाठ्यक्रम नए विद्यार्थियों को आधुनिक दौर की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने में सक्षम नहीं है। वे शनिवार को स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा आयोजित जर्नी ऑफ़ ए जर्नलिस्ट कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। जी न्यूज के प्राइम टाइम एंकर त्यागी ने कहा कि डिजिटल और टेक्नोलॉजी क्रांति के इस युग में सिर्फ खबर लिखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को मल्टीमीडिया कंटेंट, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और मोबाइल फर्स्ट रिपोर्टिंग जैसे कौशल सीखने होंगे। पुराना सिलेबस इन कौशलों की ट्रेनिंग नहीं देता, जिससे छात्र जॉब मार्केट की दौड़ में पिछड़ जाते हैं।
त्यागी ने सफलता के लिए पांच ‘सी’ का मंत्र देते हुए कम्युनिकेशन, कनेक्शन, क्रिएटिविटी, क्रेडिबिलिटी और कॉम्पिटेंट को अनिवार्य बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम बोलचाल में संवाद के साथ भाषा पर पकड़ होना बेहद जरूरी है। पत्रकारिता में विश्वसनीयता को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने कहा कि न्यूज चैनलों में प्रतिस्पर्धा के कारण कई बार पत्रकारिता सवालों के घेरे में आ जाती है, ऐसे में विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर विषय का गहरा ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबें और अखबार पढ़ने की आदत डालने की सलाह दी। कार्यक्रम में सेज यूनिवर्सिटी, डीएवीवी और श्री वैष्णव विद्यापीठ सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थी उपस्थित थे।
प्रारंभ में क्लब अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने मास्टर क्लास की रूपरेखा रखी। वरिष्ठ पत्रकार रचना जौहरी, शीतल रॉय, सोनाली यादव और राजेंद्र कोपरगांवकर ने त्यागी का स्वागत किया। वरिष्ठ पत्रकार आलोक बाजपेयी ने सवाल-जवाब का रोचक सत्र संचालित किया, जबकि मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में पंकज क्षीरसागर ने आभार माना और त्यागी ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।

