प्राधिकरण जनसुनवाई : संपदा शाखा के प्रकरणों की रही भरमार, सीईओ ने मौके पर किया निराकरण

इंदौर

:: 24 में से 17 आवेदन संपदा विभाग के, तकनीकी और भू-अर्जन के मामलों में भी दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश ::
इंदौर। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अपनी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में आवेदक पहुंचे। मुख्य कार्यपालिक अधिकारी (सीईओ) डॉ. परिक्षित झाड़े ने एक-एक कर सभी 24 आवेदकों की व्यथा सुनी। जनसुनवाई में इस बार भी संपदा शाखा से संबंधित शिकायतों का दबदबा रहा, जहां लीज नवीनीकरण, नामांतरण और एनओसी जैसे विषयों को लेकर आवेदकों ने अपनी बात रखी।
जनसुनवाई में प्राप्त कुल 24 आवेदनों में से सर्वाधिक 17 प्रकरण अकेले संपदा शाखा से जुड़े थे। इसके अतिरिक्त भू-अर्जन शाखा के 5 प्रकरण सामने आए, जिनमें मुआवजे और भूमि छोड़ने संबंधी आवेदन शामिल थे। वहीं, तकनीकी शाखा से संबंधित 2 मामलों में निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं।
सीईओ डॉ. झाड़े ने आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए कई प्रकरणों का निराकरण मौके पर ही सुनिश्चित किया। उन्होंने संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में दस्तावेजी औपचारिकताएं पूर्ण हैं, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। शेष प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिए संबंधित शाखाओं को कड़े निर्देशों के साथ अग्रेषित कर दिया गया।
:: संवेदनशीलता से सुनी समस्या ::
डॉ. झाड़े ने आवेदकों को आश्वस्त किया कि प्राधिकरण नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक प्रकरण की ट्रैकिंग की जाए ताकि आवेदक को बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान प्राधिकरण के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और शाखा प्रभारी भी मौजूद रहे।