इन्दौर तीन दिन पहले हुए रिटायर्ड सैन्य अधिकारी के साथ हनीट्रैप कांड के खुलासे के बाद एसडीएम राकेश परमार ने नायब तहसीलदार राधा वल्लभधाकड़, क्षेत्रीय पटवारी और आरआई के साथ बडगोंदा थाना क्षेत्र में स्थित रेम्बो फार्म एंड रिसोर्ट पर पहुंच रिसोर्ट का जांच निरीक्षण किया और कार्रवाई करते हुए उसे सील कर निरीक्षण कार्रवाई संबंधी प्रतिवेदन बड़गोंदा थाना पुलिस को सौंप दिया। एसडीएम जांच में यह सामने आया कि रिसोर्ट संचालक द्वारा आने वाले व्यक्तियों की विधिवत् एंट्री नहीं की जा रही थी और आवश्यक जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई जा रही थी। एसडीएम प्रतिवेदन के आधार पर बड़गोंदा थाना पुलिस ने रिसोर्ट संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बता दें कि पठानकोट में पदस्थ सेना के एक रिटायर्ड अधिकारी दीपक सिहं रावत जो एमसीटी क्वार्टर निवासी हैं, के साथ एक हनीट्रैप की घटना सामने आई थी। घटना पातालपानी रेनबो रिसोर्ट होटल बेरछा रोड ग्राम कैलोद में एक अप्रेल की शाम 7 बजे से 7.30 बजे के बीच होना बताई गई थी। पुलिस के अनुसार रिटायर्ड सैन्य अधिकारी को आरोपियों ने षडयंत्र कर फंसाया और ब्लैकमेल करते अवैध रूप से दो लाख रुपए की मांग की थी पुलिस ने आरोपी महिला भावना, साधना गुप्ता और विजय तिलवारी के खिलाफ केस दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था। अब मामले में रिसोर्ट और रिसोर्ट संचालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

