दाऊद के करीबी इकबाल मिर्ची की 500 करोड़ की समुद्र किनारे वाली संपत्तियां ईडी ने की जब्त

ताज़ा खबर देश

मुंबई, । मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी और ड्रग तस्कर इक़बाल मिर्ची से जुड़ी वरली स्थित तीन बड़ी संपत्तियों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जब्त कर लिया है। जब्त की गई इमारतों में सी व्यू, मरियम लॉज और राबिया मैनशन शामिल हैं। समुद्र किनारे स्थित इन प्रॉपर्टीज की कीमत करीब 500 करोड़ रुपये बताई जा रही है। ईडी के अनुसार, ये संपत्तियां वर्ष 1986 में एक पार्टनरशिप फर्म के जरिए खरीदी गई थीं और बाद में इन्हें सर मोहम्मद युसुफ ट्रस्ट के नाम पर रखा गया। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस ट्रस्ट का इस्तेमाल केवल फ्रंट के तौर पर किया गया था। साथ ही, वर्ष 2005 में गलत जानकारी देकर इन संपत्तियों को अटैचमेंट से मुक्त कराने का भी आरोप लगाया गया है। विशेष पीएमएलए कोर्ट ने इकबाल मिर्ची के परिवार को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करते हुए संपत्तियों की जब्ती को मंजूरी दे दी है। करीब 4970.41 वर्ग मीटर यानी लगभग 1.2 एकड़ में फैली ये संपत्तियां पहले भी पीएमएलए कानून के तहत अटैच की गई थीं, लेकिन अब भगोड़ा आर्थिक अपराधी कानून (एफईओ) के तहत दोबारा जब्ती की अनुमति दी गई है। बताया जा रहा है कि एक समय ये तीनों इमारतें सीधे समुद्र किनारे थीं। अब ये प्लॉट समुद्र महल जैसी आलीशान इमारत के पास स्थित हैं। एफईओ कानून के तहत किसी आरोपी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किए जाने के बाद उसकी संपत्तियों को जब्त करने और उनका लिलाव करने के अधिक अधिकार एजेंसियों को मिल जाते हैं। पिछले तीन महीनों में ईडी ने एफईओ कानून के तहत इकबाल मिर्ची और उससे जुड़े लोगों की कई अन्य संपत्तियां भी जब्त की हैं। इनमें जुहू स्थित बंद पड़ा मीना होटल का प्लॉट और महाबलेश्वर का एक फार्महाउस भी शामिल है। ईडी जल्द ही इन संपत्तियों के भविष्य को लेकर फैसला ले सकती है और संभव है कि इनका लिलाव किया जाए। गौरतलब है कि इकबाल मिर्ची की वर्ष 2013 में लंदन में मौत हो गई थी। स्पेशल कोर्ट ने उसकी पत्नी हजरा और दोनों बेटों असीफ तथा जुनैद को भी भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है।