:: स्टेट प्रेस क्लब का गरिमामय आयोजन, नामचीन कलाकार और फिल्म निर्माता-निर्देशक होंगे शामिल ::
इंदौर । मालवा की सांस्कृतिक राजधानी इंदौर में कला, संस्कृति और पत्रकारिता के अनूठे संगम के तहत स्टेट प्रेस क्लब, मध्य प्रदेश द्वारा एक बेहद खास कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। रूबरू श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में इस बार चर्चा के केंद्र में अपकमिंग प्रोजेक्ट फिल्म बैलेंस की टीम होगी। यह गरिमामय आयोजन मंगलवार, 19 मई को यानी आज शाम 5:00 बजे से शहर के प्रतिष्ठित अभिनव कला सभागार में संपन्न होगा।
क्लब के अध्यक्ष प्रवीण कुमार खारीवाल ने बताया कि कार्यक्रम में टीम फिल्म बैलेंस के मुख्य चेहरे इंदौर की मीडिया और प्रबुद्ध जनों से सीधे मुखातिब होंगे। इस टॉक शो में टेलीविजन और सिनेमा जगत के जाने-माने अभिनेता रोहिताश्व गौर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके साथ ही युवा प्रतिभा राघव श्रीवास्तव, अभिनेत्री पूजा चौधरी और मीनल शर्मा भी मंच साझा करेंगी। इस दौरान फिल्म बैलेंस की निर्माता रुचिता मेहता और फिल्म के निर्देशक प्रवेश व्यास भी मौजूद रहेंगे, जो फिल्म के क्रिएशन, इसकी कहानी और मेकिंग से जुड़े अनुभवों को दर्शकों के साथ साझा करेंगे।
स्टेट प्रेस क्लब का यह रूबरू कार्यक्रम इंदौर के सांस्कृतिक कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अभिनव कला सभागार में होने वाले इस संवाद कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ पत्रकार, रंगकर्मी, फिल्म प्रेमी और प्रबुद्ध नागरिक हिस्सा लेंगे, जहाँ वे कलाकारों से सीधे सवाल-जवाब भी कर सकेंगे। कार्यक्रम को लेकर इंदौर के सांस्कृतिक और मीडिया गलियारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

