-शुक्रवार को त्रिकोणीय मुकाबले में कई राजनीतिक गठबंधनों ने खोले पत्ते
तिरुअनंतपुरम । केरल विधानसभा के इतिहास में पहली बार, तीन सीटें जीतकर अपनी जगह बनाने वाली बीजेपी ने स्पीकर पद के चुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। केरल विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को होने वाले इस त्रिकोणीय और ऐतिहासिक मुकाबले में कई राजनीतिक गठबंधनों ने अपने पत्ते खोल दिए हैं।
बीजेपी की ओर से कोल्लम जिले की चथनूर सीट से नवनिर्वाचित विधायक बी बी गोपकुमार को मैदान में उतारा है। इनका नाम प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और वी मुरलीधरन प्रस्तावित करेंगे। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के नेतृत्व वाले सत्ताधारी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने अपने अनुभवी और वरिष्ठ नेता तिरुवंचूर राधाकृष्णन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है। विपक्षी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) ने इस संबंध में फिलहाल अपने उम्मीदवार के नाम का एलान नहीं किया है।
बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि स्पीकर पद के लिए बी बी गोपकुमार का नाम उनके और वी मुरलीधरन द्वारा ही प्रस्तावित किया जाएगा। चंद्रशेखर ने सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ पर केरल में एडजस्टमेंट पॉलिटिक्स यानी आपसी मिलीभगत की राजनीति करने का कड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केरल की राजनीति के इतिहास में पहली बार इस पद के चुनाव में बीजेपी का उम्मीदवार होगा। अब तक राज्य विधानसभा में कोई असली विपक्षी विधायक नहीं रहा है। इस पूरी स्थिति को बदलने के लिए हम तीनों विधायक आज शपथ ले रहे हैं और आज से ही अपना काम शुरू कर रहे हैं।
इससे पहले केरल के नवनिर्वाचित विधायक गुरुवार को विधानसभा में अपने शपथ ग्रहण के लिए अलग-अलग साधनों से पहुंचे, जिनमें कुछ पैदल, कुछ साइकिल से तो कुछ अपनी गाड़ियों से वहां पहुंचे। बीजेपी के तीन नवनिर्वाचित विधायक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पैदल ही विधानसभा परिसर पहुंचे।
दूसरी ओर पुथुपल्ली से कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक और केरल के पूर्व सीएम ओमन चांडी के बेटे, चांडी ओमन साइकिल से पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी पिता की तस्वीर वाली शर्ट पहनी हुई थी। चांडी ओमन ने विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी साइकिल का इस्तेमाल किया था। वहीं, अन्य नवनिर्वाचित विधायक अपने-अपने वाहनों से पहुंचे। यूडीएफ ने 140 सीटों में से 102 सीटों पर जीत हासिल की है, एलडीएफ को 35 और बीजेपी को तीन सीटें मिली। सीएम वी डी सतीशन समेत 21 सदस्यीय मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण 18 मई को हो चुका है।

