:: दीवारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर बनाई जा रही आकर्षक पेंटिंग; स्वच्छता के साथ सुंदरता की थीम पर शहर को सजाने की पहल ::
इंदौर । स्वच्छता के क्षेत्र में देश भर में कीर्तिमान स्थापित करने के बाद अब इंदौर शहर की सुंदरता को भी एक नई और आकर्षक पहचान दी जा रही है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शहर की प्रमुख दीवारों, चौराहों, सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों (सीटीपीटी) और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक पेंटिंग और भित्ति चित्र (वॉल पेंटिंग्स) बनवाए जा रहे हैं। इन विविध कलाकृतियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण, जल सहेजने, हरियाली बढ़ाने और भारतीय संस्कृति के गौरव का संदेश प्रभावी ढंग से दिया जा रहा है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर प्रारंभ की गई इस विशेष सौंदर्यकरण पहल में स्थानीय कलाकारों और कला क्षेत्र से जुड़े युवाओं को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिल रहा है। नगर निगम का मुख्य उद्देश्य “स्वच्छता के साथ सुंदरता” की थीम पर इंदौर को और अधिक कलात्मक व दर्शनीय बनाना है। इस अभियान से जहां एक ओर नागरिकों में शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने की भावना और अधिक मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर देश भर में इंदौर की सकारात्मक छवि और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।
स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत इंदौर को कलात्मक स्वरूप दे रहा नगर निगम

