राष्ट्रपति मुर्मू के ससुराल जाएंगे पीएम मोदी, 20 जून को ओडिशा के पहाड़पुर गांव का दौरा

ताज़ा खबर देश

भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा, मयूरभंज जिले में कई विकास योजनाओं की भी समीक्षा संभव
भुवनेश्वर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित पहाड़पुर गांव का दौरा करेंगे। यह गांव राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के दिवंगत पति श्याम चरण मुर्मू पैतृक गांव है। प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा होगा।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर प्रशासन और पार्टी संगठन तैयारियों में जुट गए हैं। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा क्षेत्र के लोगों को संबोधित भी कर सकते हैं। उनके दौरे को राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मयूरभंज जिले का पहाड़पुर गांव रैयरंगपुर कस्बे से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित है। रैयरंगपुर में ही राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्म मयूरभंज जिले के उपार्बेदा गांव में हुआ था, जो रैयरंगपुर उपखंड के अंतर्गत आता है। उनकी शादी पहाड़पुर निवासी श्याम चरण मुर्मू से हुई थी। इसी कारण पहाड़पुर गांव को राष्ट्रपति मुर्मू के ससुराल के रूप में विशेष पहचान प्राप्त है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ओडिशा में भाजपा की राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करने के साथ-साथ आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास और जनसंपर्क को बढ़ावा देने की रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है और स्थानीय प्रशासन विभिन्न स्तरों पर तैयारियों की समीक्षा कर रहा है। दौरे के दौरान विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी होने की संभावना जताई जा रही है।