विपक्ष के हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

ताज़ा खबर देश

-स्पीकर बिरला की सदन चलने देने की अपील
-पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई सांसद रखेंगे पक्ष

नई दिल्ली । संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़ गई। लगातार शोर-शराबे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी दलों से सदन की गरिमा बनाए रखने और चर्चा के माध्यम से मुद्दों का समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि संसद में संवाद होना चाहिए ताकि देश में सकारात्मक संदेश जाए। इसके बावजूद स्थिति सामान्य नहीं होने पर दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में नीट पेपर लीक पर विपक्ष का हंगामा
राज्यसभा में मंगलवार की सुबह नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन का मुद्दा जोरदार तरीके से गूंजा। विपक्षी दलों ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए सदन में जमकर हंगामा किया, जिसके कारण कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। वामपंथी दलों सहित विपक्षी सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से सदन में उपस्थित होकर पुलिस कार्रवाई पर बयान देने की मांग की। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी भी इस विषय पर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन लगातार हंगामे के कारण उन्हें बोलने का अवसर नहीं मिल सका।
राज्यसभा में सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने शून्यकाल की कार्यवाही शुरू कराने का प्रयास किया, लेकिन विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के चलते सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। अंततः कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस तरह संसद के दोनों सदन विपक्ष के हंगामें की भेंट चढ़ते नजर आए।
उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र के दौरान नीट पेपर लीक और उससे जुड़े छात्र आंदोलन का मुद्दा लगातार संसद में प्रमुख विषय बना हुआ है। विपक्ष सरकार पर इस मामले में जवाबदेही तय करने का दबाव बना रहा है, जबकि सरकार संशोधित कानून के माध्यम से परीक्षा प्रणाली को और सख्त बनाने का दावा कर रही है।