:: विमानतल पर राज्यपाल पटेल व मंत्री सिलावट करेंगे अगवानी ::
:: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जबलपुर में रहेंगी मुख्य अतिथि, कूनो नेशनल पार्क में चीतों को निहारेंगी राष्ट्रपति ::
इंदौर । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार (18 जून) से मध्यप्रदेश के पांच दिवसीय गरिमामयी प्रवास पर आ रही हैं। इस दौरान वे मालवा, निमाड़, महाकौशल और चंबल अंचल के विभिन्न जिलों में आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति सुबह 9:25 बजे देश की राजधानी दिल्ली से विशेष वायुयान द्वारा इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर विमानतल पर पहुंचेंगी, जहां प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल व जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उनकी अगवानी करेंगे।
:: बैतूल में कार्यक्रम, शाम को ओंकारेश्वर में करेंगी आरती ::
इंदौर एयरपोर्ट पर आगमन के तुरंत बाद राष्ट्रपति सुबह 9:35 बजे हेलिकॉप्टर द्वारा बैतूल के लिए उड़ान भरेंगी। वे सुबह 11:10 बजे बैतूल में ब्रह्माकुमारीज संस्थान के एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। बैतूल के कार्यक्रम के बाद वे दोपहर 1:40 बजे भगवान शिव की पवित्र नगरी ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति शाम 6:20 बजे द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक भगवान ओंकारेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाएंगी और विशेष पूजा-अर्चना के साथ संध्या आरती में शामिल होंगी। उनका रात्रि विश्राम ओंकारेश्वर के एनएचडीसी गेस्ट हाउस में होगा। अगले दिन, 19 जून को सुबह वे ओंकारेश्वर में अंतर्राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया दिवस के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद इंदौर होकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगी।
प्रवास के दूसरे चरण में राष्ट्रपति 20 जून की शाम जबलपुर पहुंचेंगी। संस्कारधानी जबलपुर में वे 21 जून को प्रात: 7:20 बजे आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होंगी। इसके पश्चात, सुबह 11:40 बजे वे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी।
जबलपुर के कार्यक्रमों को पूर्ण कर राष्ट्रपति 21 जून की दोपहर ग्वालियर होते हुए श्योपुर जिले के प्रसिद्ध कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी। वन्यजीव प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुके कूनो नेशनल पार्क में वे रात्रि विश्राम करेंगी और अगले दिन 22 जून को तड़के सुबह 6:30 बजे पार्क का भ्रमण कर चीतों व अन्य वन्यजीवों को निहारेंगी। कूनो भ्रमण के बाद वे ग्वालियर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
:: सुरक्षा के अभेद्य प्रबंध, इंदौर में नो-फ्लाई ज़ोन ::
राष्ट्रपति के पांच दिवसीय दौरे को लेकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इंदौर, खंडवा (ओंकारेश्वर), जबलपुर और श्योपुर (कूनो) में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इंदौर एयरपोर्ट और हेलीपैड के आसपास नो फ्लाई ज़ोन घोषित किया गया है, वहीं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की कमान सौंपी गई है।

