नई दिल्ली । फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को बेहद सख्त वार्ताकार बताते हुए कहा कि उनके साथ बातचीत हमेशा प्रभावशाली रहती है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में वह भारत की यात्रा कर सकते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि भारत वैश्विक मंच पर लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं, तब तक भारत की अंतरराष्ट्रीय भूमिका और प्रभाव मजबूत बना रहेगा। जी-7 सम्मेलन के इतर हुई मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, रणनीतिक साझेदारी और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की। ट्रंप ने कहा कि दोनों देश व्यापार समझौतों को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बातचीत के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को गुड लुकिंग और टफ नेगोशिएटर बताते हुए उनकी बातचीत की शैली की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोदी जितने शांत और सौम्य दिखाई देते हैं, उतने ही मजबूत और दृढ़ निर्णय लेने वाले नेता हैं।
इस मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने तथा व्यापार, प्रौद्योगिकी और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

