एक हजार को देश से निकाला
रियाद । सऊदी अरब की मोहम्मद बिन सलमान की सरकार ने नियम तोड़कर देश में रह रहे लोगों के खिलाफ अभियान चलाया है। सऊदी के आंतरिक मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में बताया गया है कि देश की सुरक्षा एजेंसियों ने बीते एक हफ्ते में बड़े पैमाने पर प्रवर्तन अभियान चलाया है। इसके तहत निवास, लेबर और सीमा कानूनों का उल्लंघन करने वाले 20,000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि 29 जनवरी से 4 फरवरी के बीच चलाए संयुक्त निरीक्षण अभियानों के दौरान कुल 20,237 अवैध निवासियों को अलग-अलग शहरों से पकड़ा गया। ये अभियान सुरक्षा बलों ने संबंधित सरकारी एजेंसियों के समन्वय से चलाए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 12,687 को निवास कानून के उल्लंघन में गिरफ्तार किया गया है।
सऊदी सरकार के मुताबिक, अधिकारियों ने 4,318 को सीमा सुरक्षा कानून के उल्लंघन और 3,232 को श्रम कानून तोड़ने पर पकड़ा है। इस दौरान 11,656 अवैध निवासियों को देश से निकाला गया। अधिकारियों ने 16,805 को यात्रा दस्तावेज के लिए उनके देशों के राजनयिक मिशनों के पास भेजा है। वहीं 2,437 को अपनी यात्रा बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।
मंत्रालय ने बताया कि देश में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करते हुए 1,555 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें से 40 प्रतिशत यमनी नागरिक और 57 प्रतिशत इथियोपियाई नागरिक हैं। बाक तीन प्रतिशत दूसरे देशों से हैं। अवैध तरीकों से सऊदी छोड़ने की कोशिश में भी 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौजूदा नियमों को लागू करने के उपायों के तहत 23,807 प्रवासी कानूनी प्रक्रियाओं से गुजर रहे हैं। इनमें 21,926 पुरुष और 1,881 महिलाएं शामिल हैं।

