सनसनीखेज – पत्नी फंदे पर लटकी मिली तो गला कटा पति गंभीर हालत में समीप पड़ा मिला

इंदौर

इन्दौर | खुड़ैल थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज मामले में सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला जबकि उसका पति समीप ही गंभीर अवस्था में घायल पड़ा मिला उसका गला कटा हुआ था।‌ मामला बिहाडिय़ा गांव का है। पुलिस के अनुसार महिला का नाम ज्योति उम्र बत्तीस साल है जबकि घायल उसके पति का नाम बलराम है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भिजवा पति को इलाज हेतु एम वाय अस्पताल भिजवाया है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में बताया जा रहा है कि इन दोनों को इस हालत में उनके बच्चों ने देखा फिर परिजनों को सूचना दी। पुलिस को पूछताछ में परिजनो ने बताया कि कल सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे तो दोनों इस हालत में थे। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि इन दोनों का एक बेटा और बेटी है। कल वे जब घर के बाहर खेल रहे थे तो इन दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ज्योति फांसी पर खुद लटकी अथवा नहीं। उधर, बलराम जहां पड़ा था उसके पास में ब्लेड भी पड़ी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने आत्महत्या की कोशिश की होगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।