सरांश का ‘ऑलराउंड’ कहर; छक्के से दिलाई रॉयल निमाड़ को रोमांचक जीत

खेल मध्य प्रदेश

:: कप्तान ने गेंद से झटके 4 विकेट, बल्ले से जड़ा नाबाद 39 रन; बुंदेलखंड बुल्स को 4 विकेट से दी मात ::
इंदौर । मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 में शुक्रवार को होलकर स्टेडियम में रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली। कप्तान सरांश जैन के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन (4 विकेट और नाबाद 39 रन) की बदौलत रॉयल निमाड़ ईगल्स ने बुंदेलखंड बुल्स को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की दावेदारी को और मजबूत कर लिया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का सरांश जैन का फैसला टीम के लिए सही साबित हुआ। रॉयल निमाड़ के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए बुंदेलखंड बुल्स को 19.4 ओवर में 166 रन पर समेट दिया। बुंदेलखंड की ओर से कप्तान अभिषेक अरुण कुमार पाठक ने 13 गेंदों में 31 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें पांच छक्के शामिल थे। शिवांग कुमार ने 18 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि पार्थ गोस्वामी (25) और अनंत दुबे (21) ने उपयोगी योगदान दिया। रॉयल निमाड़ की ओर से कप्तान सरांश जैन ने गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं परुष मंडल ने भी प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 3.4 ओवर में 31 रन देकर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल निमाड़ की शुरुआत खराब रही और टीम ने 38 रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए। दबाव के समय शिवांश चतुर्वेदी ने 16 गेंदों में 30 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इसके बाद अभिषेख मावी (25 गेंद, 38 रन) और कप्तान सरांश जैन ने पारी को संभाला। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 42 गेंदों में 69 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख बदल दिया। अंतिम ओवर में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। रॉयल निमाड़ को जीत के लिए सात गेंदों में आठ रन चाहिए थे। अभिषेक पाठक के ओवर की तीसरी गेंद पर सरांश जैन ने शानदार छक्का लगाकर टीम को 19.3 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। सरांश 29 गेंदों में तीन छक्के और एक चौके की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहे। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सरांश जैन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस जीत के साथ रॉयल निमाड़ ईगल्स अंक तालिका में और मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। टीम के अब सात मैचों में छह जीत के साथ 12 अंक हो गए हैं, जबकि बुंदेलखंड बुल्स सात मुकाबलों में दो जीत के साथ छह अंकों पर है।
:: संक्षिप्त स्कोर ::
बुंदेलखंड बुल्स : 166 ऑलआउट (19.4 ओवर) अभिषेक पाठक 31, शिवांग कुमार 31; सरांश जैन 4/28, परुष मंडल 4/31
रॉयल निमाड़ ईगल्स : 169/6 (19.3 ओवर) सरांश जैन 39* (29), अभिषेख मावी 38, शिवांश चतुर्वेदी 30; भुमेश मुजाल्दा 2/29, कुलदीप सेन 2/51