राष्ट्रपति ने किया चीता कमांड कंट्रोल सेंटर का भ्रमण, चीता प्रदर्शिनी भी देखी

मध्य प्रदेश

भोपाल । राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने अपने दो दिवसीय कूनो नेशनल पार्क प्रवास के दौरान रविवार को चीता कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का भ्रमण कर चीता परियोजना की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्हें चीतों की निगरानी, ट्रैकिंग व्यवस्था तथा उनके संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया गया।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कंट्रोल सेंटर परिसर में लगाई गई चीता प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में भारत में कुल 52 चीते हैं, जिनमें से 49 कूनो नेशनल पार्क में मौजूद हैं, जबकि तीन चीतों को गांधी सागर अभयारण्य, मंदसौर भेजा गया है। राष्ट्रपति ने चीतों के संरक्षण और उनके लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
अधिकारियों ने बताया कि वन क्षेत्र में प्रत्येक दो किलोमीटर पर वाटर पिट बनाए गए हैं, जिनमें आवश्यकता अनुसार पानी की व्यवस्था की जाती है। राष्ट्रपति को बोत्सवाना से लाए गए चीतों की गतिविधियों और उनके अनुकूलन की जानकारी भी दी गई। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ने अपनी बोत्सवाना यात्रा के दौरान आठ चीतों को रिसीव किया था, जिन्हें बाद में कूनो लाया गया।
इससे पूर्व राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के कूनो हेलीपैड पहुंचने पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति कूनो नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम कर चीता पुनर्स्थापन परियोजना पर अधिकारियों के साथ चर्चा भी करेंगी।

1 thought on “राष्ट्रपति ने किया चीता कमांड कंट्रोल सेंटर का भ्रमण, चीता प्रदर्शिनी भी देखी

Comments are closed.