जबलपुर में 5 हजार साधकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
जबलपुर । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मध्यप्रदेश योगमय नजर आया। जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में लगभग 5 हजार योग साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कोलकाता से प्रसारित राष्ट्रीय संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि योग भारत की महान सांस्कृतिक धरोहर और विश्व को दिया गया अमूल्य उपहार है। योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का मार्ग है तथा मानवता को शांति, समरसता और कल्याण की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि संतुलित, सरल और आनंदमयी जीवन की पद्धति है। नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग वैश्विक शांति और मानव कल्याण का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग आज विश्वव्यापी जनआंदोलन बन चुका है। इस वर्ष “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम के साथ दुनिया के हजारों स्थानों और 210 से अधिक भारतीय दूतावासों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में संचालित “हर घर योग अभियान” ने योग को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति एवं राज्यपाल को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

