इंदौर के निजी स्कूल में फूड पॉइजनिंग से हड़कंप; 110 छात्र बीमार

इंदौर ताज़ा खबर

:: शिशुकुंज स्कूल झलारिया कैंपस का किचन सील; एक्सपायर्ड मसाले और अनियमितताएं मिलने पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई ::
इंदौर । शहर के झलारिया स्थित शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल में दोपहर का भोजन करने से 110 छात्र बीमार हो गए, जिससे अभिभावकों में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए स्कूल के किचन को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया है।
शनिवार को स्कूल में कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों ने नियमित दोपहर का भोजन किया था, जिसमें राजमा, सब्जी, चावल, रोटी और आइसक्रीम परोसी गई थी। भोजन करने के कुछ घंटों बाद ही कई छात्रों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत शुरू कर दी। उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कनाड़िया दीपक चौहान ने बताया कि रविवार को भी बच्चों में लक्षण बने रहने के कारण अभिभावकों ने चिकित्सकीय परामर्श लिया। राहत की बात यह है कि किसी भी बच्चे को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी और अधिकांश का उपचार अभिभावकों ने घर पर ही किया।
:: निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं ::
पालकों से शिकायत प्राप्त होने पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एक संयुक्त जांच दल गठित कर स्कूल का औचक निरीक्षण करवाया। इस दौरान किचन में भारी अनियमितताएं पाई गईं। जांच दल ने एक्सपायरी डेट निकल चुके मसालों के 10 पैकेट और नमकीन के 2 पैकेट बरामद किए, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से किचन को सील कर दिया।
:: 23 नमूनों की जांच शुरू ::
खाद्य विभाग की टीम ने गुणवत्ता परीक्षण के लिए पनीर, आइसक्रीम, छह प्रकार के मसाले, शरबत, राजमा, तेल, नमकीन, चार प्रकार की दालें, दूध, तैयार दाल, कोफ्ते की सब्जी, पके हुए चावल, रोटी और पीने के पानी सहित कुल 23 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
:: स्कूल प्रशासन का पक्ष ::
शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल की वाइस प्रिंसिपल कामायनी चौहान ने कहा कि स्कूल में प्रतिदिन 3,200 से अधिक लोग भोजन करते हैं और संस्था गुणवत्ता का सर्वोच्च ध्यान रखती है। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन भी अपने स्तर पर इस मामले की जांच कर रहा है।
:: कलेक्टर की हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील ::
इस संयुक्त कार्रवाई में एसडीएम कनाड़िया दीपक चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी माधव प्रसाद हासानी के साथ खाद्य सुरक्षा प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल रहे। इस बीच, कलेक्टर शिवम वर्मा ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी स्कूल, हॉस्टल, मेस या कैंटीन में गंदगी, मिलावट या अस्वच्छ परिस्थितियां दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत कलेक्टर हेल्पलाइन नंबर 0731-181 पर दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।