इंदौर टेनिस क्लब में 20वीं आई.टी.सी. प्रीमियर लीग का आगाज

खेल

इंदौर । इंदौर टेनिस क्लब में आयोजित श‍िवांगी सरिया 20वीं आई.टी.सी. प्रीमियर लीग रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ सोमवार, 22 जून को हुआ। खेल की इस प्रतिस्पर्धा का उद्घाटन मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुधीर असनानी और ऑल इंडिया टेनिस संघ के पूर्व महासचिव अनिल धूपर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की और सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर इंदौर टेनिस क्लब के ट्रस्टी बी.एस. छाबड़ा और टूर्नामेंट को-ऑर्डिनेटर अर्जुन धूपर विशेष रूप से उपस्थित थे।
:: 12 टीमें दिखा रही हैं दम ::
टूर्नामेंट के संयोजक मंडल ने जानकारी दी कि 20 जून से शुरू हुआ यह क्रिकेट महाकुंभ 28 जून तक चलेगा। इसमें कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का आयोजन लीग कम नॉकआउट प्रारूप में किया जा रहा है, जिससे हर मैच में रोमांच और कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
उद्घाटन अवसर पर सतीश रावत, अनीष अग्रवाल, शरद वर्मा एवं प्रवीण सराफ सहित टेनिस क्लब के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन देर रात तक इंदौर टेनिस क्लब में क्रिकेट का उत्साह बना रहेगा।